BRICS Summit Menu: विदेशी मेहमानों को परोसा जाएगा भारत के 6 क्षेत्रों का स्वाद, निमकी से मुरुक्कू तक खास मेन्यू तैयार

by न्यूज डेस्क
BRICS Summit Menu: विदेशी मेहमानों को परोसा जाएगा भारत के 6 क्षेत्रों का स्वाद, निमकी से मुरुक्कू तक खास मेन्यू तैयार

नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हैं। भारत इस बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत के लिए सुरक्षा से लेकर खानपान तक विशेष इंतजाम किए गए हैं। विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति और खानपान की विविधता से रूबरू कराने के लिए दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों में खास मेन्यू तैयार किया गया है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मेहमानों के ठहरने के लिए दिल्ली के प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

ताज महल होटल में दिखेगी भारत की पाक विविधता

विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के लिए Taj Mahal, New Delhi ने खास तौर पर भारतीय पारंपरिक व्यंजनों को अपने मेन्यू में जगह दी है। होटल की ओर से ‘Tradition to Table’ थीम के तहत ऐसा मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें भारत के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक स्वाद को शामिल किया गया है। होटल के शेफ ने इन व्यंजनों को तैयार करते समय अपनी पारिवारिक और घरेलू पाक परंपराओं से प्रेरणा ली है। इसका उद्देश्य विदेशी मेहमानों को सिर्फ खाना परोसना नहीं, बल्कि भारतीय खानपान की विविधता और मेहमाननवाजी का अनुभव कराना है। मेन्यू में देश के छह अलग-अलग क्षेत्रों के लोकप्रिय स्नैक्स शामिल किए गए हैं। इनमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, राजस्थान की मिनी कचौरी, बंगाल की क्रिस्पी कुचो निमकी, महाराष्ट्र की कुरकुरी भाकरवाड़ी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल हैं।

ललित होटल के मेन्यू में कबाब से लेकर बाजरे की डिश तक

The LaLiT New Delhi ने भी BRICS प्रतिनिधिमंडल के लिए भारतीय पाक विरासत को केंद्र में रखते हुए खास मेन्यू तैयार किया है। होटल के मेन्यू में गलौटी कबाब, तंदूरी रोटियां और बाजरे से तैयार पारंपरिक व्यंजन शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही विदेशी मेहमानों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रभाव वाले व्यंजन भी तैयार किए गए हैं। इनमें मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज्ड बैंगन, धीमी आंच पर पकाई गई चाइनीज पत्ता गोभी और एम्बर सॉस के साथ जापानी शैली की मीठी राजमा डिश को भी खास जगह दी गई है।

'द लीला' में भी तैयारियां पूरी

The Leela Palace New Delhi की ओर से भी BRICS मेहमानों के लिए विशेष खानपान की तैयारी की गई है। यहां भारतीय स्वाद के साथ मिलेट्स से तैयार व्यंजनों को भी मेन्यू में शामिल किए जाने की तैयारी है। इस तरह BRICS सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों को भारत के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के पारंपरिक स्वाद का अनुभव कराने की कोशिश की जा रही है।

BRICS सम्मेलन के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम

खानपान और मेहमानों के स्वागत के साथ सम्मेलन की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में करीब 15 हजार पुलिसकर्मी, 200 पैरामिलिट्री कंपनियां और 500 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। भारत की मेजबानी में होने वाले इस BRICS सम्मेलन में जहां वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, वहीं विदेशी मेहमानों के सामने भारत की पाक कला, संस्कृति और अतिथि सत्कार की झलक भी पेश की जाएगी।


न्यूज डेस्क