स्वरा भास्कर के जौहर बयान पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री, बोले- 'तुम क्या जानो संस्कृति और मर्यादा को'
by न्यूज डेस्क
अभिनेत्री स्वरा भास्कर के फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के दृश्य पर दिए बयान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने अभिनेत्री का नाम लिए बिना जौहर को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल उठाए और इसे वीरता तथा पति के प्रति समर्पण से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वरा भास्कर का नाम लिए बिना कहा कि एक महिला ने रानी पद्मावती और जौहर को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि जौहर को कायरता बताना सही नहीं है, बल्कि उनके नजरिए में यह वीरता का प्रतीक था। उन्होंने आगे कहा कि जौहर के पीछे महिलाओं का अपने पति के प्रति समर्पण और तत्कालीन परिस्थितियों से जुड़ी सोच थी। इसी दौरान उन्होंने स्वरा भास्कर पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “तुम क्या जानो जौहर को, तुम क्या जानो संस्कृति को, तुम क्या जानो मर्यादा को” धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में अभिनेत्री की अंतरधार्मिक शादी को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग “भैया को सैयां” बना लेते हैं, वे जौहर के बारे में क्या समझेंगे। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
पहले भी हो चुका है विरोध
स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने वाले धीरेंद्र शास्त्री अकेले नहीं हैं। इससे पहले कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी अभिनेत्री के बयान पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को पवित्र बताते हुए स्वरा की टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी। बीजेपी विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर की ओर से भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। इस तरह स्वरा के बयान को लेकर राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने अपनी असहमति जाहिर की है।
आखिर स्वरा भास्कर ने क्या कहा था?
दरअसल, विवाद की शुरुआत एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा भास्कर की ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर की गई टिप्पणी से हुई। अभिनेत्री ने फिल्म में दिखाए गए इस दृश्य को लेकर असहजता जताई थी। स्वरा के मुताबिक, जौहर का दृश्य देखने के बाद उनके मन में यह सवाल उठा कि महिलाओं द्वारा अपनी इज्जत बचाने के लिए मौत को स्वीकार करना आखिर कितना उचित था। उन्होंने इस पर सवाल खड़े करते हुए जौहर की ऐतिहासिक और सामाजिक व्याख्या पर चर्चा की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी को लेकर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि स्वरा ने जौहर करने वाली महिलाओं और रानी पद्मावती के साहस को ‘कायरता’ से जोड़ा है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद अभिनेत्री ने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी। इसके बावजूद इस मुद्दे पर बहस जारी है और अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी के बाद विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।