कोरोना से मचा हाहाकार, दिल्ली-महाराष्ट्र बेहाल

कोरोना से मचा हाहाकार, दिल्ली-महाराष्ट्र बेहाल

कोरोना से मचा हाहाकार, दिल्ली-महाराष्ट्र बेहाल

नई दिल्ली/मुंबई: देश में कोरोना लगातार कहर बरपा रहा है और सबसे ज्यादा हालात देश राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र का है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 27,047 नए मामले सामने आए हैं और 375 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इन सबके बीच अच्छी खबर यह भी है कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 25,288 लोगों ने कोरोना को हराया है। दिल्ली में फिलहाल कोरोना के 99,361 सक्रिय मामले हैं।

बात यदि महाराष्ट्र की करें तो महाराष्ट्र कोरोना के मामले में टॉप पर है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना के 62,919 नए मामले सामने आए हैं और 828 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इन 24 घंटों में 69,710 लोगों ने कोरोना को मात देने में सफलता पाई है। लेकिन चिंता का विषय यह है कि महाराष्ट्र में अभी भी 6,62,640 सक्रिय केस हैं। अकेले मुंबई में ही बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,925 नए मामले सामने आए हैं और 89 लोगों की मौत हुई है और इस दौरान 6,380 लोग कोरोना से जंग जीतने में कामयाब हुए।

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 14,605 मामले सामने आए और 173 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 10,180 लोग कोरोना से ठीक हुए। दुखद बात यह है कि 24 घंटे के अंदर गुजरात में 7,183 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल गुजरात में 1,42,046 सक्रिय मामले हैं।

वहीं, आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे के अंदर 64 लोगों की मौत हुई है और 17,354 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना के कुल मामले 11,01,690 हो चुकी है जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 1,22,980 हैं। 

हिमाचल प्रदेश में 24 घंटे में 2,358 नए मामले सामने आए हैं और 37 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, 1,730 लोगों ने कोरोना को हराने में कामयाबी हासिल की है। वहीं, तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे के अंदर 18,692 नए केस आए हैं और 16,007 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। हालांकि इस दौरान 113 लोगों की कोरोना से मौत हुई है और फिलहाल यहां 1,15,128 सक्रिय मामले हैं।

बात यदि राजस्थान की करें तो यहां पिछले 24 घंटे में 17,155 नए मामले सामने आए हैं जबकि 155 लोगों की मौत हो गई। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि 24 घंटे में 10,034 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। फिलहाल राज्य में 1,76,485 सक्रिय मामले हैं।

कर्नाटक में 48,296 नए कोविड मामले बीते 24 घंटे में आए हैं और 217 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 14,884 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। फिलहाल राज्य में कोरोना के 3,82,690 केस हैं। गोवा में पिछले 24 घंटों के दौरान 3,024 केस, उत्तराखंड में 4,215 नए केस सामने आए हैं।


न्यूज९इंडिया डेस्क