शूटर दादी नाम से मशहूर चंद्रो तोमर का निधन, कोरोना से थीं संक्रमित
हालांकि दादी के परिवार का कहना है कि उनकी मौत ब्रेन हैमरेज से हुई है।
बागपत: पुरुषों को पीछे छोड़ और समाज से लड़कर शूटिंग की दुनिया में देश का नाम रौशन करने वाली ‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर चंद्रो तोमर का निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित थी।
चंद्रो तोमर का शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया। शूटर दादी के नाम से विख्यात 89 वर्षीया चंद्रो तोमर का जन्म मुजफ्फरनगर में हुआ था। बागपत में बिनौली के जौहड़ी की वयोवृद्ध शूटर दादी चंद्रो तोमर का शुक्रवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थीं और उनको गुरुवार रात को ही बागपत के आनंद हॉस्पिटल से मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालांकि दादी के स्वजनों ने उनकी मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया है।
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई
शूचर दादी के पुत्र विनोद तोमर ने बताया कि सोमवार को उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई तो जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। निशानेबाज चंद्रो तोमर के कोरोना पॉजिटिव होने से आसपास के क्षेत्रों में उनके प्रशंसकों के बीच मायूसी छा गई थी। सब उनके शीघ्र स्व स्थट होने की कामना कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
शूटर दादी के नाम से मशहूर चंद्रो तोमर ट्विटर पर सक्रिय रहती थीं। उन्होंने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी तीन दिन पहले हीट्विटर हैंडल पर दे दी थी। उन्होंने लिखा था कि दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजि़टिव हैं और सांस लेने की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
दादी ने किया देश का नाम रोशन
उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती और उन्हें विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है। उन्होंने अपनी बहन प्रकाशी तोमर के साथ कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रकाशी भी दुनिया की उम्रदराज महिला निशानेबाजों में शामिल हैं।
फिल्म भी बन गई है
बॉलीवुड फिल्म ‘सांड की आंख’ दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर की रियल लाइफ स्टोरी पर ही आधारित है। इससे पहले भी अभिनेता आमिर खान ने दोनों शूटर दादी की कहानी से प्रभावित होकर उन्हें अपने शो सत्यमेव जयते में भी बुलाया था।
समाज ने जताई आपत्ति, परिवार ने दिया दादी का साथ
बागपत में घर के पुरुषों ने उनकी दोनों निशानेबाजी पर आपत्ति जतायी, लेकिन उनके बेटों, बहुओं और पोते- पोतियों ने उनका पूरा साथ दिया। इसके बाद वह घर से निकलकर पास के रेंज में अभ्यास करने के लिए जा सकीं। शूटर दादी ने वरिष्ठ नागरिक वर्ग में कई पुरस्कार भी हासिल किये, जिनमें स्त्री शक्ति सम्मान भी शामिल है जिसे स्वयं राष्ट्रपति ने भेंट किया था।
भूमि ने इंस्टाग्राम पर लिखी यह पोस्ट
भूमि पेडनेकर ने चंद्रो तोमर संग खुद की फोटोज और वीडियोज पोस्ट करते हुए लिखा, "चंद्रो तोमर के गुजर जाने की खबर बेहद दुखद है। ऐसा लग रहा है जैसे मेरा एक हिस्सा चला गया हो। उन्होंने अपने रूल्स खुद बनाए और बाकी की लड़कियों को अपना सपना जीना सिखाया और उन्हें हिम्मत दी। इनकी लेगेसी इन्हीं लड़कियों के साथ जिंदा रहेगी। परिवार को संवेदनाएं। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे उन्हें जानने का मौका मिला और मैंने उनका निभाया।’
तापसी पन्नू दी श्रद्धांजलि
तापसी पन्नू ने फिल्म में प्रकाशी तोमर का किरदार निभाया था। तापसी ने भी चंद्रो तोमर संग फोटो शेयर करते हुए लिखा, "आप एक इंस्पीरेशन हैं और हमेशा रहेंगी। आप उन लड़कियों में जिंदा रहेंगी, जिन्हें आपने अपना सपना जीने की प्रेरणा दी। मेरी क्यूटेस्ट रॉकस्टार, आपकी आत्मा को शांति मिले।"