डेटा नहीं चाहिए तो खर्च घटेगा! अब मिलेगा सिर्फ कॉल-SMS वाला सस्ता रिचार्ज, TRAI का बड़ा फैसला
by न्यूज डेस्क
मोबाइल यूजर्स के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने एक अहम फैसला लिया है। नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें सिर्फ वॉइस कॉलिंग और SMS की सुविधा होगी। यानी जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें डेटा के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 जारी किया है। इसके तहत कंपनियों के लिए Voice और SMS Only प्लान उपलब्ध कराना जरूरी किया गया है।
30 दिन तक की वैलिडिटी वाले प्लान भी होंगे उपलब्ध
नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई ग्राहक 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाला रिचार्ज लेना चाहता है, तो टेलीकॉम कंपनियों को उसके लिए सिर्फ कॉलिंग और SMS वाला विकल्प देना होगा। ऐसे प्लान में डेटा शामिल करना जरूरी नहीं होगा। इसके अलावा ग्राहकों को ऐसा विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे हर महीने एक तय तारीख पर अपना रिचार्ज दोबारा करा सकें। इससे अलग-अलग तारीखों पर बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी कम होगी।
लंबी वैलिडिटी के लिए भी मिलेगा बिना डेटा वाला विकल्प
TRAI के नए नियम सिर्फ छोटे रिचार्ज तक सीमित नहीं हैं। कंपनियों को 30 दिन से ज्यादा वैलिडिटी वाला कम से कम एक Voice-SMS Only प्लान भी उपलब्ध कराना होगा। TRAI ने यह भी निर्देश दिया है कि ऐसे प्लान की कीमत इस तरह रखी जाए कि डेटा वाले प्लान की तुलना में ग्राहकों को यह विकल्प अधिक किफायती पड़े।
किन यूजर्स को होगा फायदा?
इस फैसले का सीधा फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती या जो डेटा का इस्तेमाल बेहद कम करते हैं। खास तौर पर बुजुर्ग यूजर्स और सीमित बजट वाले ग्राहकों के लिए यह विकल्प उपयोगी हो सकता है। अब ऐसे ग्राहकों को कॉल और SMS के लिए अनिवार्य रूप से डेटा वाला प्लान लेने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी जरूरत के मुताबिक सिर्फ वॉइस और SMS वाला रिचार्ज चुन सकेंगे। TRAI के मुताबिक, इन बदलावों से जुड़े ड्राफ्ट पर जनता से 1,132 प्रतिक्रियाएं मिली थीं। इन सुझावों और प्रतिक्रियाओं पर विचार करने के बाद अब अंतिम नियम जारी किए गए हैं।